इंफाल, 19 जनवरी (हि.स.)। विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। ऐसे नाजुक समय में मणिपुर प्रदेश कांग्रेस के लिए नेताओं को समेटे रखना कठिन हो रहा है। अब बागी तेवर की वजह से एक और विधायक जयकिशन सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (प्रशासन) हरेश्वर गोस्वामी द्वारा पार्टी की अनुशासन समिति की अनुशंसा पर जयकिशन को निलंबित किया गया है।
जयकिशन 2017 में वेस्ट इंफाल जिले के थांगमेइबेंड सीट से विधायक चुने गए थे। कांग्रेस से निलंबित विधायक जयकिशन का दलबदल का पुराना रिकॉर्ड है। 2015 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र देकर भाजपा के टिकट पर उपचुनाव जीता था। 2017 के चुनाव में भाजपा का टिकट नहीं मिलने की वजह से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े और विजयी रहे।
कांग्रेस के विधायक चालटोनलियेन तथा मणिपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंददास कोनथोउजाम पार्टी के कई विधायकों के साथ अभी हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष रतन कुमार को किसी तरह राहुल गांधी पाला बदलने से रोकने में कामयाब हो चुके हैं।
2017 में हुए विधानसभा चुनाव में मणिपुर में कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत हुआ था। हालांकि सत्तारूढ़ कांग्रेस को 28 सीटें मिली थी, फिर भी उसकी सरकार नहीं बन सकी। क्योंकि, कांग्रेस के 8 विधायकों ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा गठबंधन राज्य की 60 विधानसभा सीटों में से 21 सीटें जीतकर सत्ता में आई। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस इस समय भितरघात में उलझी हुई है। मणिपुर में 27 फरवरी और 3 मार्च को मतदान होना है। अगर बिखराव जारी रहा तो कांग्रेस के लिए मुश्किल बढ़ सकती है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 19 , 2022, 06:24 AM