नई दिल्ली, 19 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। नड्डा ने पुष्पगुच्छ देकर अपर्णा का भाजपा में स्वागत किया। भाजपा मुख्यालय में नड्डा से मुलाकात के दौरान अपर्णा के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और कई अन्य केंद्रीय नेता उपस्थित रहे।
अपर्णा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। इससे पूर्व, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की उपस्थिति में अपर्णा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। अपर्णा, मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। वह पिछला विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट से लड़ चुकी हैं। अपर्णा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा की नीति और रीति से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुई हैं। अपर्णा ने भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह हमेशा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रभावित रही हैं। उन्होंने कहा कि मेरे चिंतन में हमेशा राष्ट्र सबसे पहले है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठतम नेता मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। बुधवार को श्रीमती यादव यहाँ उत्तर प्रदेश भाजपा इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गई। इसके बाद उन्होंने पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। भाजपा की सदस्यता लेने के बाद श्रीमती यादव ने कहा, “मैं हमेशा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित रही हूँ। मेरे चिंतन में सबसे पहले राष्ट्र है। अब मैं राष्ट्र की आराधना करने निकली हूँ। मैं स्वच्छ भारत मिशन, महिलाओं के लिए स्वावलंबन जीवन समेत भाजपा की अन्य सभी योजनाओं से प्रभावित रही हूँ। मैं भाजपा को धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मुझे पार्टी का हिस्सा बनने का मौका दिया।”
इस मौके पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने श्रीमती यादव का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि सपा के शासन में गुंडागर्दी को इतना महत्व दिया जाता था कि प्रदेश में कोई बेटी सुरक्षित नहीं थी। श्रीमती यादव को शुरू से लगता था कि श्री आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में सुशासन है।
श्री मौर्या ने कहा कि श्रीमती यादव की विचार धारा हमेशा से भाजपा से प्रभावित रही है जैसा उनके बयानों से प्रतीत होता था। श्री मोदी और श्री आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो विकास हो रहा है, यह देखते हुए बहुत लोग भाजपा में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने परिवार और पार्टी दोनों में ही असफल रहे है। मुख्यमंत्री काल के दौरान भी और अब सांसद के रूप में भी वह असफल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि श्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता हैं। इन्हीं के बेटे प्रतीक यादव की शादी श्रीमती अपर्णा यादव से हुई है। श्रीमती यादव 2017 में लखनऊ कैंट से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 19 , 2022, 12:03 PM