आरोप गलत निकले तो कार्रवाई करेगी सरकार
राकांपा मुखिया की सरकार को चुनौती
मुंबई। राकांपा प्रमुख शरद पवार (NCP chief Sharad Pawar) ने राज्य सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि वे पत्राचाल प्रकरण में किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। यह जांच जल्द से जल्द शुरू की जाए, लेकिन जांच के बाद जो आरोप लगाए गए हैं, वे सही नहीं पाए गए तो आरोप लगाने वाले के खिलाफ सरकार क्या रुख अपनाएगी? इसका खुलासा किया जाए।
यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में राकांपा प्रमुख ने कहा कि जिस दौरान बैठक हुई, उसके मीनिट्स पर जिस अधिकारी ने हस्ताक्षर किए, वह मीडिया (Media) को दिए गए और इसके बाद कोर्ट में दाखिल किए गए। मीडिया में कहा जा रहा है कि इसमें मेरा नाम है। चार्जशीट में वास्तव में क्या है, वह पेज नंबर सात और आठ पर है, जिसकी कॉपी पत्रकारों को दी गई है। इस दौरान पूर्व गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने पत्राचाल परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
आव्हाड ने कहा कि यह पवार साहेब को बदनाम करने की साजिश है। हम बेवजह आरोप नहीं लगाते। जो पार्टी और पवार साहेब की भूमिका है, वह देश और राज्य को पता है। तुमने आरोप लगाए और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी कुछ कहा। तत्काल जांच कीजिए। यदि आरोप गलत साबित हुए तो बेछूट और गैर जवाबदार आरोप लगाने वाले पर क्या कार्रवाई करेंगे? यह बताओ।
बता दें कि मंगलवार को भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर पत्राचाल प्रकरण में राष्ट्रवादी कांग्रेस (Nationalist Congress) के मुखिया शरद पवार की जांच की मांग की थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने इस मांग का परोक्ष रूप से समर्थन किया था। भातखलकर ने पत्र में कहा था कि मराठी लोगों को बेघर करने वाले पत्राचाल भ्रष्टाचार प्रकरण में गुरु आशीष कंस्ट्रक्शन कंपनी को काम देने के लिए तत्कालीन कृषि मंत्री शरद पवार की उपस्थिति में संजय राऊत ने एक बैठक ली थी। इस बैठक में तत्कालीन मुख्यमंत्री भी उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत चुनाव में राकांपा नंबर वन
शरद पवार ने कहा कि अभी हॉल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनाव में महाविकास आघाड़ी को 277 सीटों पर और भाजपा-शिंदे गुट को 210 सीटों पर जीत मिली। इसमें 608 में से 173 सीटों पर जीतकर राकांपा नंबर वन रही। भाजपा को 168, कांग्रेस को 84, शिंदे गुट को 42 सीटों पर जीत हासिल हुई। शिवसेना के अधिकृत आंकड़े मिले नहीं हैं।
यह है केंद्र की प्रमुख योजना
शरद पवार ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज कराना और उन्हें गिरफ्तार करवाना केंद्र की प्रमुख परियोजना है। उन्होंने कहा कि अगर आप आज का समाचार पत्र देखेंगे तो उसमें केंद्रीय जांच एजेंसियों ने किस तरह विपक्षी दलों व उनके नेताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज की है, उसका पूरा ब्योरा है। ऐसा प्रतीत होता है कि विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज कराना और उन्हें गिरफ्तार करवाना केंद्र की प्रमुख परियोजना है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Sep 21 , 2022, 07:48 AM