अमरिंदर सिंह भाजपा में हुए शामिल
नई दिल्ली, 20 सितंबर। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) ने सोमवार को अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय कर दिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, किरेन रिजिजू ने कैप्टन और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत किया। तोमर ने कहा कि कैप्टन के आने से भाजपा को मजबूती मिलेगी और पंजाब में शांति और सुरक्षा कायम होगी। इस अवसर पर कैप्टन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और उन्होंने पाकिस्तान के साथ हमारे संबंधों को बिगड़ते देखा है। पंजाब में पूरी तरह से अराजकता पैदा करने के लिए ड्रोन अब हमारे क्षेत्र में आ रहे हैं। चीन भी हमसे दूर नहीं है। उन्होंने कहा कि अपने राज्य और देश की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। इसको ध्यान में रखते हुए उन्होंने तय किया कि देश के हितों की देखभाल करने वाली पार्टी में शामिल होने का समय आ गया है।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में तोमर ने कैप्टन का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आज हम सबके लिए प्रसन्नता का विषय है। पंजाब सीमावर्ती राज्य है, देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए जरूरी है कि पंजाब में शांति कायम रहे। कैप्टन अमरिंदर सिंह की जो सोच है वो भाजपा से मिलती-जुलती रही है। क्योंकि भाजपा ऐसी पार्टी है जिसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है उसके बाद पार्टी। इस सिद्धांत को कैप्टन सिंह ने अपनाया और उस पर अमल किया। इसी का परिणाम है कि आज हम सब लोग साथ-साथ हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने पंजाब में बीएसएफ का अधिकार क्षेत्र बढ़ाने का समर्थन किया।
तोमर ने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री का भाजपा में आना इसलिए महत्वपूर्ण है कि वे पंजाब में शांति और सुरक्षा के पक्षधर हैं। उनके आने से भाजपा की ताकत बढ़ेगी और पंजाब की प्रगति और विकास के लिए बड़ा कदम होगा। भाजपा सदस्य संख्या की दृष्टि से दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है ये सभी को पता है।
रिजिजू ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर ने हमेशा राष्ट्र की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा। वे हमेशा पार्टी से उपर देश को मानते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर आगे बढ़ेगा और भारत को प्रगति व विकास के मार्ग पर आगे ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि देश के सही सोच वाले लोगों को एक होना चाहिए। पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य को सावधानी से संभाला जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान कैप्टन अमरिंदर ने कभी भी राष्ट्रीय सुरक्षा से पहले राजनीति को नहीं रखा। रिजिजू ने पंजाब लोक कांग्रेस के सभी नेताओं का भाजपा में स्वागत किया।
इससे पहले, तोमर ने कैप्टन को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता की पर्ची देकर पार्टी में शामिल किया। वहीं, रिजिजू ने अमरिंदर को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। अमरिंदर के साथ ही कांग्रेस के कई पूर्व विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कैप्टन के समर्थकों ने भी भाजपा का दामन थामा। उल्लेखनीय है कि भाजपा में शामिल होने से पहले आज दोपहर में कैप्टन अमरिंदर ने अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Sep 20 , 2022, 10:08 AM