महाराष्ट्र और मुंबई कांग्रेस की बैठक में प्रस्ताव मंजूर
मुंबई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को पार्टी का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव महाराष्ट्र और मुंबई कांग्रेस ने एकमत से मंजूर किया है। सोमवार को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित प्रदेश प्रतिनिधियों की बैठक यशवंतराव चव्हाण सभागृह में आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण (Ashok Chavan) ने यह प्रस्ताव पेश किया, जिसे सभी कांग्रेसी नेताओं ने मंजूरी प्रदान की। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष को प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और सदस्य चुनने के अधिकार देने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। इसके पहले राजस्थान और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस इकाइयों ने भी राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया है।
वाईबी चव्हाण सेंटर (YB Chavan Center) में हुई बैठक में प्रदेश चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री पल्लम राजू, प्रदेश प्रभारी एचके पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, विधानमंडल में कांग्रेस पार्टी के नेता बाला साहेब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण आदि उपस्थित थे। इस बैठक में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पेश किया, जिसका अनुमोदन नसीम खान और चंद्रकांत हंडोरे सहित विभिन्न वरिष्ठ नेताओं ने किया और प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने एक प्रस्ताव पेश किया जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को राज्य इकाई के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के प्रतिनिधियों को नियुक्त करने के लिए अधिकृत करने का प्रावधान है। इस प्रस्ताव का कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने अनुमोदन किया और सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।
वहीं मुंबई कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश प्रतिनिधियों की बैठक में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को नियुक्त करने का प्रस्ताव एकमत से मंजूर किया गया। साथ ही दूसरे प्रस्ताव में राज्य इकाई के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के प्रतिनिधियों को नियुक्त करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया। पहला प्रस्ताव मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने रखा। इसका अनुमोदन मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम ने किया। दूसरा प्रस्ताव को मुंबई कांग्रेस के कार्याध्यक्ष चरण सिंह सप्रा ने रखा। इसका अनुमोदन मिलिंद देवरा ने किया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Sep 19 , 2022, 06:16 AM