राकांपा के मुख्य प्रवक्ता नवाब मलिक का आरोप
मुंबई। राकांपा के मुख्य प्रवक्ता और अल्पसंख्यक मंत्री नवाब मलिक ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार और परमबीर सिंह के बीच महाविकास आघाड़ी सरकार को बदनाम करने की डील हुई है। इसके जरिए पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर झूठे आरोप लगाए गए। अब केंद्रीय मशीनरी परमबीर सिंह को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एक न एक दिन एनआईए को सच्चाई बतानी ही पड़ेगी। मलिक ने कहा कि परमबीर सिंह ने झूठे आरोप और राजनीतिक साजिश कर अनिल देशमुख को फंसाया है। राज्य सरकार और अनिल देशमुख को बदनाम करने में केंद्रीय मशीनरी का दुरुपयोग हुआ। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के लिए सरकार ने चांदीवाल आयोग बनाया है। अब यह जानकारी सामने आई है कि आयोग के सामने सचिन वाझे ने अपने बयान में कहा कि उसने अनिल देशमुख को पैसे नहीं दिए। मलिक ने कहा कि परमबीर सिंह ने जिलेटिन कांड किया, इस मामले में एनआईए को अपना जवाब दर्ज करने के बाद वे फरार हो गए। हालांकि एनआईए को चार्जशीट में यह बताना चाहिए कि इस साजिश का मास्टरमाइंड कौन है? उन्होंने सवाल किया कि एनआईए ने अभी तक उनके खिलाफ चार्जशीट क्यों दाखिल नहीं की? मलिक ने भाजपा पर देश में संवैधानिक पदों और संस्थागत अधिकारों पर हथौड़ा मारने का काम करने का आरोप लगाया। भाजपा के 12 विधायकों ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर विधानसभा में निलंबन पर रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्थगन देने से इंकार कर दिया है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Dec 14 , 2021, 10:09 AM