लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र बचाने का चुनाव बताते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रणनीति चुनाव को जटिल बनाने और सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर चुनाव की निष्पक्षता को प्रभावित करने की है।
अखिलेश ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र में भाजपा का आचरण हर तरह से अमर्यादित और लोकलाज से परे है। भाजपा ऐसा राजनीतिक दल है जो सिर्फ चुनाव लड़ता है, विकास तथा जनहित से उसका तनिक भी लेना देना नहीं है। संवैधानिक संस्थाओं को भाजपा सरकार ने जानबूझकर कमजोर किया है जबकि पिछली समाजवादी सरकार ने बुनियादी ढांचों के विस्तार देने का काम किया था।
उन्होने कहा कि भाजपा की रैलियों में सरकारी साधनों का पूरी तरह दुरुपयोग करने के बाद भी समाजवादी विजय रथ यात्रा का भाजपा मुकाबला नहीं कर सकी। सपा की सफल रैलियों से डरी भाजपा अब साजिशों में जुट गई है। एक समाजवादी रथ छह भाजपाई रथों पर भारी पड़ गया है। जनता का प्रबल समर्थन समाजवादी पार्टी को मिला है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समाजवादी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों सभी की जिम्मेदारी है कि बिना समय गंवाये घर-घर दर-दर पर समाजवादी पार्टी के लिए दस्तक दें। समाजवादी प्रत्येक से निवेदन करेंगे कि 2022 का चुनाव लोकतंत्र के साथ विकास के लिए भी हो रहा है। समाजवादी पार्टी की जीत से ही खुशहाली और समृद्धि के रास्ते खुलेंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 10 , 2022, 08:51 AM