Two Buses Collide in Haridwar : उत्तराखंड में हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र के रसियाबड़ के समीप राजमार्ग पर मंगलवार देर रात दो बसों की आमने-सामने टक्कर होने से करीब 10 से 15 यात्री घायल हो गए है। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार डायल 112 के माध्यम से कोतवाली श्यामपुर (Shyampur Kotwali) को सूचना प्राप्त हुई कि रसियाबड़ के पास राजमार्ग पर दो बसों की टक्कर हो गई है, जिसमें यात्री फंसे हुए हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्यामपुर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी नगर भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि एक प्राइवेट बस देहरादून से बारात लेकर बिजनौर जिले के नागलसोती लौट रही थी, जबकि दूसरी रोडवेज बस बिजनौर से हरिद्वार की ओर आ रही थी।
इसी दौरान रसियाबड़ के पास दोनों बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बारात की बस में सवार कई यात्री घायल हो गए, जबकि दो व्यक्ति बस के अंदर फंस गए। पुलिस एवं राहत टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया। घायलों में अनीश, मुराद अली, सुहैल, नईम तथा नाजिर शाह सहित अन्य यात्री शामिल हैं, जो सभी बिजनौर जिले के रहने वाले हैँ।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बसों को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर यातायात को सुचारू कराया। साथ ही अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों का उपचार जारी है तथा परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Apr 08 , 2026, 11:45 AM