चंडीगढ़: गुरु नानक देव के 556वें प्रकाश पर्व (Guru Nanak Dev's 556th Prakash Parv) के अवसर पर बुधवार को पूरे देश के साथ ही केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ और हरियाणा (Chandigarh and Haryana) में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही संगतें बड़ी संख्या में माथा टेकने पहुंची। गुरुद्वारे में सुबह से ही अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने गुरु वाणी का श्रवण किया।
शहर के विभिन्न इलाकों में भी लंगर सेवा, छबीलें और सेवा स्टॉल लगाये गये। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान तेजवंत सिंह ने बताया कि इस पावन अवसर पर संगत के लिए विशेष इंतज़ाम किये गये हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रसाद और लंगर की व्यवस्था पूरे दिन रहेगी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी समाज को एकता, प्रेम और सेवा का संदेश देते हैं।
पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किये हैं, ताकि भीड़भाड़ की स्थिति न बने। वाहनों की पार्किंग पर विशेष नियंत्रण रखा गया है और श्रद्धालुओं को लाइन में लगकर प्रवेश करने की अपील की गयी है। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के सभी गुरुद्वारों में आज सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालु गुरु साहिब के दर पर पहुंचकर आशीर्वाद ले रहे हैं। पूरे ट्राईसिटी में गुरु पर्व का उल्लास और भक्ति का रंग छाया हुआ है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Nov 05 , 2025, 01:00 PM