बलिया, 08 फरवरी (हि.स.)। रसड़ा विधानसभा सीट भाजपा के लिए मुफीद नहीं रही है। पिछली बार भगवा लहर में भी यह सीट भाजपा की झोली में नहीं आ सकी थी, लेकिन इस बार रसड़ा में कमल खिलाने के लिए बिहार के दरौंदा से विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह को प्रभारी बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि रसड़ा में अनिल कुमार के बाद दो दशक से भाजपा जीत नहीं सकी है। यहां से 2012 और 2017 में लगातार दो बार से बसपा के उमाशंकर सिंह जीत रहे हैं। भाजपा को एक बार फिर से रसड़ा में जीत दिलाने के लिए कुशल रणनीतिकार और बिहार के सिवान जिले के दरौंदा से विधायक कर्णजीत सिंह को प्रभारी बनाकर भेजा गया। उन्होंने आते ही लगातार बैठकें कर रसड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया। बूथ लेवल तक के कार्यकर्ताओं में उन्होंने जोश भरा। जिसका नतीजा बब्बन राजभर के नामांकन में भी दिखा। बब्बन राजभर के साथ जिला मुख्यालय तक आए कार्यकर्ताओं के चेहरे पर काफी उत्साह नजर आ रहा था।
रसड़ा के प्रभारी कर्णजीत सिंह ने 'हिन्दुस्थान समाचार' से बातचीत में कहा कि हम बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस बार जीत दर्ज करेंगे। हमने लोगों तक केन्द्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाया है। लोग मोदी और योगी सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं। मजबूत सरकार पर लोगों को भरोसा है।
उन्होंने कहा कि मैंने रसड़ा विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया है। डोर—टू—डोर कैम्पेन किया जा रहा है। जिसमें यह साफ दिख रहा है कि रसड़ा के मतदाता यहां बदलाव चाहते हैं। सुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। इसलिए महिलाएं भी भाजपा के पक्ष में हैं। एक बार फिर से बनने जा रही भाजपा सरकार में रसड़ा के लोग अपनी भी भूमिका निभाना चाहते हैं। अभी तक यहां से जीत रहे बसपा विधायक ने लोगों को सिर्फ छला है। श्री सिंह ने कहा कि रसड़ा की जनता बसपा विधायक के दिखावे के विकास से ऊब चुकी है। इस बार हमारा प्रत्याशी मजबूत है। लिहाजा जीत भाजपा की तय है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 08 , 2022, 11:31 AM