पीएम के बयान से भड़के कांग्रेसी, मोदी का बयान उल्टा चोर कोतवाल को डांटे जैसा: पटोले

Mon, Feb 07 , 2022, 10:23 AM

Source :

महानगर संवाददाता, मुंबई। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा के उत्तर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की पहली लहर के दौरान मजदूरों के पलायन को लेकर महाराष्ट्र सरकार और कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। पीएम मोदी के इस बयान को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन में कांग्रेस ने मानवता के काम किए। लोगों के पास पैसे नहीं थे, तो कांग्रेस ने मदद की। ऐसे में कांग्रेस की तारीफ होनी चाहिए। पटोले ने पीएम मोदी के बयान को उल्टा चोर कोतवाल को डांटे सरीखा बताया। पटोले ने कहा कि जब राहुल गांधी कोरोना के बारे में उपाय  योजना करने की बात कह रहे थे, तब मोदी नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम करने में व्यस्त थे। पटोले ने कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं केवल भाजपा के प्रचारक हैं।  
राजस्व मंत्री और विधानमंडल में कांग्रेस विधायक दल के नेता बाला साहेब थोरात ने कहा कि प्रधानमंत्री के आरोप दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी सरकार ने उत्तर प्रदेश और बिहार के मजदूरों के लिए बहुत काम किया। हमने एक परिवार के सदस्य के रूप में उनकी मदद की। जब मजदूर अपने घर जाने की मांग करने लगे तो उन्हें रेलवे टिकट निकालकर दिए गए, जो काम केंद्र सरकार को करना चाहिए, वह हमने किया। ऐसे में पीएम मोदी का बयान बिलकुल भी ठीक नहीं है।
सार्वजनिक लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री के कांग्रेस पर लगाए गए आरोप दुर्भाग्यपूर्ण, अशोभनीय और सरासर झूठे हैं। अगर केंद्र सरकार कांग्रेस पार्टी पर कोरोना फैलाने का आरोप लगा रही है तो यह वैश्विक महामारी भारत में कैसे आई? इसके लिए कौन जिम्मेदार है? इसका भी उन्हें जवाब देना चाहिए। केंद्र सरकार कोरोना प्रबंधन में अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस पर झूठे आरोप लगा रही है।
चव्हाण ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से अचानक लॉकडाउन लगाने से केवल महाराष्ट्र ही नहीं, देश भर में जगह-जगह परप्रांतीय मजदूर अपने घर जाना चाहते थे। वाहनों की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मजदूर पैदल यात्रा करने लगे। मजदूरों को इस असुविधा से बचाने के लिए महाराष्ट्र में कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी सरकार ने वाहन उपलब्ध कराए, ताकि मजदूर सुरक्षित अपने-अपने राज्यों में लौट सकें। महाराष्ट्र में रुके मजदूरों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की।
बता दें कि पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि कोरोना की पहली लहर में जब देश में लॉकडाउन लगाया गया तो विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सलाह दी थी कि जो लोग जहां हैं, वहीं रहे, लेकिन तब कांग्रेस ने मुंबई के रेलवे स्टेशन पर मजदूरों को मुंबई छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इससे अफरातफरी का माहौल बन गया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups