महाराष्ट्र में बजा महाविकास आघाड़ी का डंका, राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से 29 पर जीत

Tue, Jun 04 , 2024, 07:57 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

० सिर्फ 18 सीटों पर सिमटकर रह गई महायुति  
० मुंबई की 6 में से 5 सीटों पर एमवीए की जीत
० कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में उभरी
 महानगर संवाददाता
मुंबई।
महाराष्ट्र में हुए लोकसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी (Mahavikas Aghadi) का जलवा देखने को मिला। कांग्रेस-शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (शरद पवार) के गठबंधन ने राज्य की कुल 48 लोकसभा सीटों में से 29 सीटों पर जीत हासिल कर महायुति को पटखनी दी। भाजपा, शिंदे गुट और राकांपा अजित पवार गुट सिर्फ 18 सीटों पर‍ सिमट कर रह गई। कांग्रेस सबसे अधिक 13 लोकसभा सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी। कांग्रेस के बाद दूसरे नंबर पर भाजपा और शिवसेना (यूबीटी) 10-10 सीट जीतने में कामयाब रही। भाजपा को विदर्भ और मराठवाडा इलाके में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। मुंबई महानगर की 6 लोकसभा सीटों में से एमवीए 5 सीटें जीत गई। भाजपा केवल उत्तर मुंबई की सीट बचाने में सफल रही। एकमात्र सांगली सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी विशाल पाटिल चुनाव जीत गए।
 
प्रमुख नेताओं की हार-जीत
राज्य में प्रमुख नेता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (नागपुर), मंत्री पीयूष गोयल (उत्तर मुंबई), नारायण राणे रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, सुप्रिया सुले (बारामती), सुनील तटकरे (रायगड), शाहू छत्रपति महाराज (कोल्हापुर) और उदयनराजे भोसले (सातारा), पंकजा मुंडे (बीड), प्रणीति शिंदे (सोलापुर) चुनाव जीतने में कामयाब रहे। जबकि सुधीर मुनगंटीवार (चंद्रपुर), राव साहेब दानवे (जालना), नवनीत राणा (अमरावती), उज्जवल निकम (उत्तर मध्य मुंबई), कपिल पाटिल (भिवंडी) और भारती पवार (दिंडोरी) से चुनाव हार गई।

मुंबई में एमवीए ने बाजी मारी
मुंबई महानगर में महाविकास आघाड़ी बाजी मारने में सफल रही। मुंबई की 6 सीटों में से एमवीए 5 सीट जीतने में कामयाब रही। 5 सीट में चार पर शिवसेना यूबीटी और एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव जीता। भाजपा सिर्फ उत्तर मुंबई सीट जीत सकी। दक्षिण मुंबई में शिवसेना यूबीटी के अरविंद सावंत, दक्षिण मध्य मुंबई में शिवसेना यूबीटी के अनिल देसाई, ईशान्य मुंबई से शिवसेना यूबीटी उम्मीदवार संजय दीना पाटिल, उत्तर मध्य से कांग्रेस प्रत्याशी वर्षा गायकवाड़ और उत्तर पश्चिम से शिवसेना यूबीटी के अमोल कीर्तिकर चुनाव जीतने में कामयाब रहे।    

मुख्यमंत्री शिंदे ने बचाया अपना गढ़
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ठाणे और कल्याण का अपना गढ़ बचाने में कामयाब रहे। कल्याण सीट पर उनके बेटे श्रीकांत शिंदे ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी और शिवसेना यूबीटी उम्मीदवार वैशाली दरेकर को 239505 मतों से हराया। वहीं ठाणे सीट पर शिंदे के करीबी नरेश म्हस्के ने शिवसेना यूबीटी प्रत्याशी राजन विचारे को 214644 मतों से हराया। हालांकि म्हस्के को पहले कमजोर प्रत्याशी बताया जा रहा था। शिंदे गुट ने राज्य की 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से पार्टी 5 सीटों पर जीत हासिल कर पाई।
 
कोकण में खिला कमल
कोकण की एकमात्र सीट रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग पर कमल खिल गया। यहां से नारायण राणे चुनाव जीतने में कामयाब रहे। उन्होंने शिवसेना यूबीटी के प्रत्याशी विनायक राउत को हराया। राणे ने कहा कि कोकण में आखिरकार कमल खिल गया है। राणे को 4,14,934 मत मिले हैं, जबकि राउत को 3,56,304 वोट मिले। केंद्रीय मंत्री राणे ने अपने अच्छे प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया और कहा कि वह रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के विकास के लिए काम करेंगे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups