अमरिंदर सिंह, सुमित्रा महाजन, ओम माथुर के नाम शामिल
मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Bhagat Singh Koshyari) के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के सामने पद छोड़ने की इच्छा प्रकट की है। इसके बाद से नए राज्यपाल को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। राज्यपाल पद (governorship) के लिए तीन नामों की सबसे अधिक चर्चा है, इनमें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, पूर्व सांसद ओम माथुर और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के नाम शामिल हैं।
अमरिंदर सिंह ने वर्ष 2021 में कांग्रेस छोड़कर पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का गठन किया था। सितंबर 2022 में उन्होंने अपने पार्टी का विलय भाजपा में कर दिया। अब उनका नाम महाराष्ट्र के राज्यपाल पद की दौड़ में शामिल हो गया है।
कुछ दिनों पहले पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के महाराष्ट्र के नए राज्यपाल बनने की जोरदार खबर उड़ी थी। हालांकि बाद में यह अफवाह साबित हुई। वे मध्यप्रदेश की इंदौर लोकसभा सीट से आठ बार सांसद चुनी गई। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान उन्हें लोकसभा अध्यक्ष चुना गया। राजस्थान निवासी ओम माथुर महाराष्ट्र में भाजपा के चुनाव प्रभारी का जिम्मा संभाल चुके हैं। साथ ही वे उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी भी रह चुके हैं। फिलहाल वे छत्तीसगढ़ के प्रभारी हैं।
पिछले कुछ दिनों से भगत सिंह कोश्यारी के विवादित बयानों की वजह से राज्य के विपक्षी दल उन्हें हटाने की मांग कर रहे हैं। अब राज्यपाल ने खुद की पद छोड़ने की इच्छा व्यक्त कर दी है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने एक ट्वीट में लिखा था कि प्रधानमंत्री जी की हाल की मुंबई यात्रा के दौरान मैंने उनसे कहा कि मुझे राजनीतिक जिम्मेदारियों से मुक्त करें। मैं अपना बचा हुआ जीवन अध्ययन, ध्यान और चिंतन में बिताना चाहता हूं। उन्होंने आगे लिखा था कि महाराष्ट्र जैसे संतों, समाज सुधारकों और नायकों की एक महान भूमि का राज्य सेवक, राज्यपाल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। पिछले तीन वर्षों में राज्य के लोगों से मिले प्यार और स्नेह को मैं कभी भूल नहीं सकता।
Source : Hamara Mahanagar Desk - Post By : Rekha Joshi Fri, Jan 27, 2023, 07:45