चिंचवड सीट पर ठाकरे गुट ने ठोंका दावा

Wed, Jan 25, 2023, 07:42

Source : Hamara Mahanagar Desk

महाविकास आघाड़ी में असमंजस की स्थिति
मुंबई।
विधानसभा की दो सीटों पिंपरी-चिंचवड (Pimpri-Chinchwad) और कसबा पेठ पर उपचुनाव घोषित होने के बाद से ही इन सीटों पर चुनाव लड़ने की होड़ मच गई। शिवसेना के पिंपरी-चिंचवड सीट पर दावा ठोंकने से महाविकास आघाड़ी (Mahavikas Aghadi) में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। इस सीट पर कांग्रेस और राकांपा भी चुनाव लड़ना चाहती है।
इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को शिवसेना भवन में एक बैठक हुई। इस बैठक के बाद ठाकरे गुट के सांसद संजय राऊत ने कहा कि पार्टी पिंपरी-चिंचवड की सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। कसबा पेठ की सीट पर कांग्रेस या राकांपा को चुनाव लड़ना चाहिए, लेकिन चिंचवड में ठाकरे गुट का उम्मीदवार ही खड़ा होगा। शिवसेना भवन में हुई बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र में दो सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। दोनों ही जगहों पर भाजपा विधायकों का दुखद निधन हुआ है। शिवसेना चिंचवड की सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। राऊत ने कहा कि मंगलवार रात को विपक्ष के नेता अजित पवार, जयंत पाटिल, सुनील तटकरे मातोश्री आए थे। हमारी बातचीत हुई। हमने अपना पक्ष रखा। कसबा की सीट कांग्रेस-राकांपा को लड़नी चाहिए और शिवसेना को चिंचवड में चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में शिवसेना पदाधिकारी और वर्तमान में महापालिका के गुट नेता राहुल कलाटे ने अच्छा लड़ाई लड़ी थी। उन्हें लाखों वोट मिले थे। इस बार हम चुनाव जीत जाएंगे।
इधर वरिष्ठ भाजपा नेता और उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल (Chandrakant Patil) ने पिंपरी-चिंचवड में चुनाव पूर्व तैयारियों के सिलसिले में बैठक ली। यह सीट भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप के निधन से रिक्त हुई है। इस बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में पाटिल ने कहा कि हमारे नेता लक्ष्मण जगताप के निधन के बाद यहां उपचुनाव घोषित हुए हैं। मैं यहां भाजपा की पूर्व तैयारी की बैठक में आया था। लक्ष्मण जगताप केवल विधायक नहीं, हमारे नेता थे। वे महापालिका क्षेत्र में रहने वाले लोगों का आधार थे। सभी यहां निर्विरोध चुनाव कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भाजपा पहले पर्याप्त विचार और बाद से उसे पूरा करने का दृष्टिकोण लेकर चलती है, इसलिए हम यहां किसी गलतफहमी में रहे बगैर चुनाव पूर्व की बैठक में आए हैं। प्रत्याशी तय करने की भाजपा की प्रक्रिया तय है। उम्मीदवारों के नाम क्षेत्रों में जाते हैं। क्षेत्र की एक कोर कमेटी होती है, फिर ये नाम केंद्रीय संसदीय बोर्ड के पास जाते हैं। उसके बाद दिल्ली से फैसले की घोषणा की जाती है।
मतदान की तारीख में बदलाव
कक्षा 12वीं की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत चुनाव आयोग ने पिंपरी-चिंचवड और कसबा पेठ के उपचुनाव कार्यक्रम में थोड़ा फेरबदल किया है। अब उपचुनाव के लिए वोटिंग 27 फरवरी के बजाय 26 फरवरी को होगी।  

Latest Updates

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups