लालच में आकर वोट देना देशद्रोह के समान: वरूण

Wed, Dec 21 , 2022, 10:20 AM

Source : Uni India

पीलीभीत 21 दिसंबर (वार्ता)। भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) सांसद वरूण गांधी (Varun Gandhi) ने बुधवार को कहा कि वोट की ताकत और महत्व को समझकर देश हित में मतदान करना चाहये। लालच में वोट करना भ्रष्टाचार को तो बढ़ाता ही है,साथ ही यह देश के साथ गद्दारी की तरह है। अपने संसदीय क्षेत्र में एक दिवसीय दौरे पर आए श्री गांधी ने ललौरीखेड़ा व अमरिया ब्लॉक में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में कहा “ हम सब के पूर्वजों ने देश की आजादी के लिए जो लड़ाई लड़ी थी। उसमें करीब एक करोड़ लोग शहीद हुए थे। जरा सोचिए क्या आज हमें उनकी कुर्बानी का एहसास है। क्या आज हम अपने आचरण अपनी राजनीति से उनके सपनों की पूर्ति कर रहे हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है कि हम वोट के महत्व को नही समझते और अपने लालच में वोट करते हैं। हमारा वोट कोई मामूली वोट नही है,अपनी आत्मा को जगाइए और स्वयं से वादा कीजिए कि भविष्य में हम वोट की ताकत और महत्व को समझकर देशहित में ही मतदान करेंगे। लालच में वोट करना भ्रष्टाचार को तो बढ़ाता ही है यह देश के साथ गद्दारी और देश द्रोह है।” उन्होने कहा “ हिंदू मुस्लिम राजनीति देश के लिए ठीक नहीं है। हमें ऐसी राजनीति को समझना होगा जो विकास के लिए नहीं बल्कि गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए की जा रही है। हिन्दू मुस्लिम की बातों में उलझाकर देश को तरक्की की राह पर नहीं ले जाया जा सकता। हमें सबको साथ लेकर चलना होगा और ऐसे काम करने होंगे जिससे हमारे देश का झंडा ऊंचा हो। देश आपके कंधों पर चल रहा है इसलिए देश के झंडे को कभी नीचे मत होने देना।” श्री गांधी ने हिंदू , सिख, मुस्लिम सब एक हैं। उन्होंने सवाल किया क्या मुस्लिम और सिख ओलम्पिक में मैडल नहीं लेकर आते। धर्म और राजनीति का कोई मेल नहीं है। राजनीति विकास और देश को आगे बढ़ाने के और धर्म अपने संस्कार की रक्षा करने के लिए होते हैं।
सांसद ने ललौरीखेड़ा व अमरिया ब्लॉक प्रांगण में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने ललौरीखेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल- 2 में सासंद निधि से दिए गए फर्नीचर को भी वितरित किया। उन्होंने कल्याणपुर चकरतीर्थ, नगरिया कालोनी, जिठनिया व जटपुरा के जनसंवाद कार्यक्रम के बाद लोगो की समस्याएं सुनी। श्री गांधी ग्राम भरतपुर में बाघ के हमले में शिकार हुए मृतक प्रितोष हलधर के घर भी गए और शोक संवेदनाएं व्यक्त की।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups