मैनपुरी से बनीं पहली महिला सांसद
मैनपुरी। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट (Mainpuri Lok Sabha Seat) पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव (dimple yadav) ने नया कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने 2.80 लाख से अधिक वोटों से भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को हराया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट से पहली महिला सांसद बन गई हैं।
सपा से डिंपल यादव और भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य समेत छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। गुरुवार की सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। शुरुआत से ही डिंपल यादव ने बड़ी बढ़त बना ली, जो मतगणना खत्म होने के बाद बड़ी जीत में बदल गई। डिंपल को 617625 वोट मिले, जबकि रघुराज सिंह को 329489 वोट मिले। इस तरह डिंपल ने 288136 वोटों से भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया। बता दें कि 1996 के बाद मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) ने मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और इसके बाद अब तक सपा कभी इस सीट से नहीं हारी।
मैनपुरी लोकसभा सीट से बीते 19 चुनावों में कभी भी महिला प्रत्याशी को जनता ने नहीं चुना। एक नहीं बल्कि चार-चार महिला प्रत्याशियों ने लोकसभा सीट पर अपना भाग्य आजमाया, लेकिन हर बार उन्हें हार ही मिली। भाजपा से मशहूर भजन गायिका तृप्ति शाक्य, कांग्रेस से सुमन चौहान, बसपा से संघमित्रा मौर्या और निर्दलीय प्रत्याशी राजेश्वरी देवी ने भी चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं पाईं। हालांकि सपा ने इससे पूर्व इस सीट पर कभी महिला प्रत्याशी को नहीं उतारा था।
Source : Hamara Mahanagar Desk - Post By : Rekha Joshi Thu, Dec 08, 2022, 09:52