शहर को सुंदर बनाने की 500 योजनाओं का भूमिपूजन

Thu, Dec 08, 2022, 07:50

Source : Hamara Mahanagar Desk

० एक-दो माह में देखने को मिलेगा मुंबई का बदला स्वरूप: शिंदे
मुंबई।
प्रदेश की शिंदे-फडणवीस सरकार (Shinde-Fadnavis government) ने मुंबई को सुंदर बनाने का संकल्प लिया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने गेटवे ऑफ इंडिया (Gateway of India) पर मुंबई के सौंदर्यीकरण (beautification) की 500 परियोजनाओं का भूमिपूजन (Bhumi Pujan) किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मुंबई शहर का विकासात्मक बदलाव करने की दिशा में प्रयास कर रही है। रुकी हुई परियोजनाओं को पूरा कर मुंबई की अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने के लिए निश्चित तौर पर कदम उठाए जाएंगे। हर काम पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता से किया जाएगा। अगले दो साल में मुंबई को गड्डा मुक्त करने का संकल्प लिया गया है और मुंबईकरों का हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिंदे ने कहा कि मुंबई की सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग कर महत्वपूर्ण सड़कों का कांक्रीटीकरण किया जाएगा और ये सड़क 30 साल तक टिकी रहेंगी। इस साल 500 किलोमीटर की सड़कों का काम हाथ में लिया जाएगा। मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है। यह शहर कई लोगों के सपनों को पूरा करता है। यह एक ऐसा शहर है, जो सभी को समायोजित करता है, इसलिए हमारा इरादा शहर के बुनियादी ढांचे को गुणवत्तापूर्ण बनाना है।  
तैनात होंगे 5 हजार स्वच्छता दूत
उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ स्वच्छता, इंफ्रास्ट्रक्चर का नेटवर्क तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। पांच हजार स्वच्छता दूतों के माध्यम से शहर को स्वच्छ रखने की योजना है। जहां एक तरफ मुंबई शहर का विस्तार हो रहा है, वहीं कोलीवाडा, इनकी संस्कृति, परंपरा को संजोने का काम किया जा रहा है। चार महीने में महानगरपालिका क्षेत्र में हमने 52 बाला साहेब ठाकरे दवाखाने शुरू किए हैं। शिंदे ने विश्वास जताया कि एक-दो माह में मुंबई का बदला स्वरूप देखने को मिल जाएगा।
राज्य  की ब्रांडिंग करने का अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष हमारे देश को जी-20 परिषद के आयोजन का गौरव प्राप्त हुआ है। इस मौके पर मुंबई सहित राज्य के अन्य शहरों में 14 बैठकों का आयोजन होगा। इस अवसर पर विदेश से आए विशिष्ट प्रतिनिधियों के सामने मुंबई और राज्य की ब्रांडिंग करने का अवसर मिला है। पिछले साढ़े चार महीने में मुंबईकरों के हित में कई फैसले लिए गए। पुरानी इमारतों के पुनर्विकास के मुद्दे को हल करने के प्रयास चल रहे हैं। एकनाथ शिंदे ने कहा कि इसके अलावा रुकी हुई परियोजनाओं को पटरी पर लाया जा रहा है।
स्काईवॉक पर लगेंगे एस्केलेटर: फडणवीस
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि मुंबई शहर का सौंदर्यीकरण परियोजना बेहद अच्छी पहल है। राज्य की सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई की विकास योजना तैयार करने को कहा था। ऐसे में वे इस योजना के सूत्रधार हैं। मुंबई शहर में सभी सुविधाओं से युक्त शौचालय बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार फंड उपलब्ध कराएगी। साथ ही स्लम क्षेत्रों में अतिरिक्त एवं वैकल्पिक शौचालयों की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है। अपशिष्ट जल प्रबंधन के लिए सामुदायिक वाशिंग मशीन अवधारणा का कार्यान्वयन, कई झुग्गी क्षेत्रों में जहां बिजली नहीं है, हैंगिंग लाइट की अवधारणा पर काम चल रहा है। ऐतिहासिक धरोहर स्थलों के महत्व को जानकर उन्हें उसी तरह संरक्षित किया जाएगा। स्काई वॉक लोकेशन पर एस्केलेटर लगाए जाएंगे। फडणवीस ने कहा कि भविष्य में ऐतिहासिक शहर मुंबई की इमारतों और सड़कों की सूरत बदलेगी। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, स्कूली शिक्षा मंत्री और मुंबई शहर के पालकमंत्री दीपक केसरकर, महिला और बाल विकास, पर्यटन और मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, विधायक आशीष शेलार, मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त डॉ इकबाल सिंह चहल, अतिरिक्त आयुक्त पी वेलारासू और आशीष शर्मा उपस्थित थे।

Latest Updates

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups