कौन बनेंगी दिल्ली की मेयर आतिशी, निर्मला या शालिनी

Wed, Dec 07 , 2022, 06:40 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

कौन बनेंगी दिल्ली की मेयर आतिशी, निर्मला या शालिनी : MCD की जीत से सिसोदिया का कद बढ़ा, मुस्लिमों ने बढ़ाई चिंता

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनाव में बहुमत हासिल कर लिया है। अरविंद केजरीवाल के तीन बार दिल्ली का CM बनने के बाद ये पहला मौका है जब MCD पर भी AAP का कब्जा हो गया है। MCD की कुल 250 सीटों में से अब तक AAP ने 134 और BJP ने 104 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस के लिए ये चुनाव भी बेहद बुरा रहा और उसे सिर्फ 9 सीटों पर जीत हासिल हुई। इस जीत के साथ ही AAP ने BJP का 15 साल पुराना किला ध्वस्त कर दिया।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) अब 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय राजनीति में ज्यादा एक्टिव नजर आने वाले हैं। गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनाव के नतीजों से एक दिन पहले AAP की ये जीत राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी कई संदेश लेकर आई है। AAP के कई बड़े नेता शराब घोटाले (liquor scam) और हवाला कारोबार के आरोपों से घिरे हैं। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन जेल में हैं और डिप्टी CM मनीष सिसोदिया पर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में इस जीत ने पार्टी में मनीष सिसोदिया के कद को और मजबूत किया है। हालांकि मंत्री सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूरबस्ती में BJP ने तीनों सीटें सरस्वती विहार, पश्चिम विहार और रानी बाग जीत ली हैं। मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र के 4 में से 3 वार्डों में AAP की हार चौंकाने वाली रही है। उधर आतिशी मर्लेना की सीट कालकाजी के भी तीनों वार्डों में बीजेपी ने जीत दर्ज की है।

मनीष सिसोदिया को मिल सकती है बड़ी भूमिका
MCD का चुनाव आम आदमी पार्टी के लिए इस मायने में भी चुनौती भरा था, क्योंकि गुजरात के ठीक साथ ही ये चुनाव हो रहे थे। अरविंद केजरीवाल पूरी तरह गुजरात में प्रचार में जुटे रहे। ये जीत मनीष सिसोदिया के खाते में जाने वाली है। आम आदमी पार्टी के सूत्रों के मुताबिक इस जीत के बाद मनीष सिसोदिया को दिल्ली में बड़ी भूमिका मिल सकती है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ने के लिए मुक्त हो सकते हैं। सिसोदिया के लिए ये भूमिका CM की भी हो सकती है।
MCD की तैयारी मनीष सिसोदिया के अलावा राघव चड्ढा, आतिशी, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज जैसे नेताओं के कंधों पर थी। MCD की जीत ने इन नेताओं को पहली श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। पार्टी के लिए इन नेताओं के रूप में नया नेतृत्व खड़ा होगा और देशभर में पार्टी के प्रसार में ये फायदा पहुंचाएगा। आने वाले दिनों में हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में भी विधानसभा चुनाव हैं।

मुस्लिम आबादी वाले इलाकों में हारी AAP
MCD में बहुमत पाने के बावजूद AAP के लिए चिंता की बात है। पार्टी को मुस्लिम आबादी वाले इलाकों में हार मिली है। दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष और विधायक अमानतुल्लाह खान के विधानसभा क्षेत्र ओखला में AAP पांच में से एक वार्ड ही जीत पाई। कांग्रेस और BJP को दो-दो वार्ड में जीत मिली है। इसी इलाके में शाहीन बाग आता है, जहां CAA-NRC के खिलाफ आंदोलन चला था।
दिल्ली दंगों के आरोपी पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन के वार्ड नेहरू विहार में आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर पर रही। दंगों के बाद ताहिर को पार्टी से निकाल दिया गया था। फरवरी 2020 में CAA के खिलाफ आंदोलन के दौरान दंगे भड़क गए थे। दंगे में 53 लोगों की मौत हो गई थी। हिंसा का सबसे ज्यादा असर शिव विहार, मुस्तफाबाद, सीलमपुर, भजनपुरा, विजय पार्क, यमुना विहार और मौजपुर में था। यहां AAP बुरी तरह हारी है। इसी तरह सीलमपुर में निर्दलीय उम्मीदवार हज्जन शकीला ने जीत दर्ज की है। इस सीट पर AAP कैंडिडेट ने नाम वापस लेकर शकीला को समर्थन दिया था। BJP ने भी चार पसमांदा उम्मीदवारों को उतारा था, लेकिन सभी हार गए। BJP ने मुस्तफाबाद से शबनम मलिक, चांदनी महल से इरफान मलिक, कुरैशी नगर वेस्ट से शमीन रजा कुरैशी और चौहान बांगर से सबा गाजी को टिकट दिया था।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups