Delhi Municipal Corporation Election : दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए मतदान शुरू

Sun, Dec 04 , 2022, 09:24 AM

Source : Uni India

नयी दिल्ली, 04 दिसंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के नगर निगम चुनाव (Municipal Election) में 250 वार्डों के लिए रविवार सुबह आठ बजे से मतदान (voting) शुरू हो गया है और मतदान शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा। दिल्ली में 250 वार्डों के लिए कुल 13,665 बूथ केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर आज मतदान चल रहा है। राजधानी निवासी अपने मताधिकार को प्रयोग करने के लिए सुबह ही मतदान केन्द्र के बाहर दिखाई देने लगे है। कई मतदान केन्द्रों में लोगों को कतार में लगते हुए देखा गया तो कई में मतदान शुरू होते ही मतदाताओं की संख्या शुरूआती दौर में कम देखी गयी। नगर निगम के चुनाव में कुल 1349 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाने उतरे है। जहां राजधानी की जनता उनके भाग्य के फैसले को इलेक्ट्रॉनिक मशीन में बंद करेंगी।
दिल्ली को हाई अलर्ट (High Alert) पर रखा गया है और उसकी सभी सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 84,000 दिल्ली पुलिस, पारा मिलिट्री व होम गार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस बूथों पर किसी तरह के भी हालत संभालने के लिए बिलकुल तैयार है। वरिष्ठ अधिकारियों की सभी बूथों पर विशेष नजर रहेगी। दिल्ली पुलिस के 55 हजार, सीआरपीएफ, एसएसबी, आइटीबीपी व बीएसएफ की 108 कंपनियां यानी करीब 8,000 जवान और होम गार्ड के 21,000 जवान तैनात किए गए हैं। राजधानी के सभी वार्डों में 1.46 करोड़ से अधिक निवासी नागरिक चुनावों में मतदान करने के पात्र हैं। दिल्ली पुलिस लगातार संवेदनशील इलाकों में नजर बनाए हुए है। पोलिंग बूथ पर सुरक्षा इंतज़ाम अच्छे से किये गए हैं। इन सभी बूथों पर सीसीटीवी लगा दिए गए हैं। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए ट्राइ साइकिलें उनके घरों में भेजी जा रही हैं, ताकि कि वह मतदान में भाग ले सकें।


राजधानी में चुनावी आदर्श आचार संहिता चार नवंबर को लागू हुई थी। पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने शनिवार को तमाम अन्य अधिकारियों के साथ पूरी दिल्ली में सभी रेंज के एक-एक बूथ पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। उन्होंने पुलिस की तैयारियों को लेकर संतुष्टि जाहिर की है। उन्होंने जनता से अपील भी की सभी लोग मतदान करने जरूर आए। दिल्ली की सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह 4 बजे शुरू होंगी। ट्रेनें हर 30 मिनट पर सुबह छह बजे तक चलेंगी। इसके बाद, मेट्रो ट्रेनें पूरे दिन नियमित अंतराल पर चलेंगी। इससे पहले सभी सियासी दलों ने शुक्रवार तक जमकर चुनाव प्रचार किया। दिल्ली नगर निगम के लिए चुनाव प्रचार दो दिसंबर को शाम के पांच बजे थम गया था। चुनाव नतीजे 7 दिसम्बर को घाेषित किये जायेंगे।

 

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups