मैनपुरी 16 नवंबर (वार्ता)। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Founder Mulayam Singh Yadav) के निधन के कारण रिक्त हुयी मैनपुरी संसदीय सीट के पांच दिसंबर को होने वाले उपचुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने बुधवार को दो सेटों में नामांकन दाखिल किया है। प्रस्तावकों में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान और भोगांव विधायक पंडित रामनरेश अग्निहोत्री उनके साथ रहे। नामांकन के बाद श्री शाक्य ने कहा कि “ मैं जनता का सेवक, किसान का बेटा हूं, चुनाव जीतने के बाद भी आप सभी के बीच में ही रहूंगा।” श्री शाक्य एक बजे नामांकन करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने 11 बजे कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल कर दिया। मैनपुरी लोकसभा सीट (Mainpuri Lok Sabha Seat) पर उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी से डिंपल यादव प्रत्याशी हैं। इस सीट पर सपा और भाजपा में सीधी टक्कर मानी जा रही है। भाजपा ने शाक्य वोटरों की संख्या को देखते हुए दांव खेला है। जातीय समीकरण को देखा जाए तो शाक्य इस सीट पर दूसरे नंबर पर हैं। श्रीमती डिंपल यादव ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया था, जिसके बाद सपाई चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। सपा ने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। वहीं आज भाजपा प्रत्याशी ने नामांकन कर दिया है। रघुराज शाक्य इटावा जिले के रहने वाले हैं, लेकिन माना जा रहा है कि शाक्य वोटों का ध्रुवीकरण करने के लिए भाजपा ने ये फैसला लिया। रघुराज शाक्य को शिवपाल सिंह यादव का बेहद करीबी माना जाता है। वे प्रसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। रघुराज शाक्य 1999 और 2004 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए थे। उन्होंने 2012 में सपा के टिकट पर इटावा सदर सीट से विधानसभा का चुनाव भी जीता था। नामांकन से पहले रघुराज सिंह शाक्य मुलायम सिंह यादव की समाधि स्थल सैफई पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने निर्धारित समय से पहले ही कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Nov 16 , 2022, 04:31 AM