अशोक चव्हाण, बाला साहेब थोरात ने दी बधाई
मुंबई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) की जीत लोकतांत्रिक तरीके से हुई और देश में कांग्रेस एकमात्र पार्टी है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष कार्यकर्ता के बीच से चुना जाता है। खरगे के पास विशाल अनुभव और सभी को साथ लेकर काम करने की क्षमता है। उनके अनुभवी नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी (Congress Party) मजबूत होगी और केंद्र की हिटलरशाही सरकार पराजित होगी। यह विश्वास कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने प्रकट किया। पटोले ने कांग्रेस अध्यक्ष पद पर चुने गए मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में सभी जाति-धर्म को समान अवसर मिलते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के बीच से चुना जाता है। अन्य दलों की तरह अध्यक्ष लादा नहीं जाता।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मल्लिकार्जुन खरगे के चुने जाने पर उन्हें बधाई दी है। चव्हाण ने कहा कि खरगे बेहद अनुभवी नेता है और राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय मंत्री से लेकर विपक्ष के नेता के रूप में वे काम कर चुके हैं। हमें इस बारे में कोई संदेह नहीं है कि वे लोगों की अपेक्षाओं को जरूर पूरा करेंगे।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने बुधवार को विश्वास जताया कि कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पूर्व में पार्टी में मौजूद विमर्श प्रक्रिया को फिर से शुरू करेंगे। चव्हाण ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि खरगे अपने चुनावी और प्रशासनिक अनुभव का इस्तेमाल कांग्रेस को मजबूत करने और नयी ऊंचाइयों पर ले जाने में करेंगे। मुझे विश्वास है कि वह पार्टी में पहले मौजूद विमर्श प्रक्रिया को फिर से शुरू करेंगे।
महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने भी खरगे को शानदार जीत पर बधाई दी और एक ट्वीट में कहा कि मुझे विश्वास है कि उनके सक्षम नेतृत्व में पार्टी देश में अलोकतांत्रिक और सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने और उन्हें हराने के लिए मजबूत होगी। थोरात ने कहा कि सोनिया गांधी ने बहुत कठिन समय में पार्टी का नेतृत्व किया, आम लोगों की आवाज उठाई और अलोकतांत्रिक ताकतों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए सभी कांग्रेसी आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के लिए प्रेरणा और ऊर्जा की निरंतर स्रोत हैं। मुझे उनके साथ काम करने का मौका तब मिला, जब वे महाराष्ट्र के प्रभारी थे।
खरगे के साथ काम करने को लेकर उत्सुक पवार
राकांपा प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी का नया अध्यक्ष चुने जाने पर मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई देते हुए कहा कि वह विपक्षी दलों के बीच एकता बनाने के लिए उनके साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं। शरद पवार ने ट्वीट किया कि मल्लिकार्जुन खरगे को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई। मैं उन्हें एक सफल और प्रेरक कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं। विपक्ष को एकजुट और मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हूं।
मुंबई कांग्रेस ने मनाया जश्न
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर मल्लिकार्जुन खरगे को चुने जाने पर मुंबई कांग्रेस की ओर से मुंबई कांग्रेस कार्यालय के बाहर पटाखों की आतिशबाजी और गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया गया। इस उल्लासपूर्ण माहौल में मुंबई कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप और कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सपरा को मिठाई खिलाकर इस जश्न का लुफ्त उठाया। इस अवसर पर भाई जगताप और कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सपरा समेत मुंबई कांग्रेस के अध्यक्षा कोषाध्यक्ष भूषण पाटिल, सह कोषाध्यक्ष अतुल बर्वे, मुंबई महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीशा बागुल, युवा नेता सूरजसिंह ठाकुर और मुंबई कांग्रेस के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Oct 19 , 2022, 07:47 AM