सरकार के 100 दिन पूरे होने पर बोले नाना पटोले
मुंबई। राज्य की एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार (Shinde- Fadnavis government) के सत्ता में 100 दिन पूरे होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने कहा कि इस सरकार का समय केवल सत्कार समारोह, देवदर्शन और कुर्सी बचाने में बीता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिंदे जनता की समस्याओं को हल करने की जगह गणपति मंडलों के बाद नवरात्रि उत्सव के दौरान देवी के दर्शन करते हुए नजर आए। पटोले ने कहा कि यह सरकार सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में 1 लाख 54 हजार करोड़ रुपए का निवेश और 1 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजन की वेदांता - फॉक्सकॉन परियोजना गुजरात चली गई। यह सरकार गुजरात के हितों के लिए महाराष्ट्र के साथ धोखा करने का काम कर रही है। पटोले ने कहा कि शिंदे-फडणवीस के 100 दिनों का कार्यकाल पूरी तरह से विफल रहा है।
पटोले ने कहा कि भारी बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन पंचनामा अभी तक नहीं हुआ है। पंचनामे के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर किसानों के लिए नाम मात्र की मदद की घोषणा की गई है। महाविकास आघाड़ी सरकार से पेट्रोल-डीजल पर 50 फीसदी टैक्स कम करने की मांग करने वालों ने अब चुप्पी साध ली है। महाविकास आघाडी सरकार ने सीएनजी पीएनजी पर टैक्स तो कम कर दिया था, लेकिन शिंदे सरकार ने कोई टैक्स नहीं घटाया है, बल्कि सीएनजी को बढ़ाकर 84 रुपए प्रति किलो कर दिया है। महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है कि यह सरकार महाराष्ट्र के हित में नहीं बल्कि गुजरात के हित में दिल्ली के इशारे पर काम कर रही है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Oct 07 , 2022, 07:31 AM