100 रुपए में रवा, चीनी, चना और तेल
कैबिनेट की बैठक में लिया गया फैसला
मुंबई। मात्र 100 रुपए में राशन कार्डधारकों को एक किलो रवा, शक्कर, चना दाल (rava, sugar, chana dal) और एक लीटर पाम तेल (palm oil) देने का निर्णय लेकर राज्य की एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) सरकार ने महंगाई से त्रस्त लोगों को दिवाली गिफ्ट दी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार आगामी 8 अक्टूबर को 100 दिन पूरे कर रही है। इस पृष्ठभूमि पर मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में राज्य के राशनकार्डधारकों को केवल 100 रुपए में खाद्य सामग्री देने का निर्णय लिया गया है।
राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार प्रत्येक राशनकार्डधारकों को 1 किलो रवा, चनादाल, शक्कर और एक लीटर पाम तेल दिया जाएगा। राज्य के 1 करोड़ 70 लाख परिवार अर्थात तकरीबन 7 करोड़ लोगों को इसका सीधा लाभ होगा। यह सामग्री एक महीने की अवधि के लिए दी जाएगी। इसका वितरण ई-पॉस प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए कैबिनेट ने 513 करोड़ 24 लाख रुपए के खर्च को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को निर्देश दिया है कि राशन सामग्री का वितरण दिवाली पूर्व हो जाना चाहिए और इस संबंध में कोई शिकायत न मिले, विभाग यह सुनिश्चित करें।
शिंदे-फडणवीस सरकार का संवेदनशील निर्णय: बावनकुले
दीपावली के लिए राज्य के सात करोड़ राशनकार्ड धारकों को मात्र 100 रुपए में प्रत्येक को एक किलो रवा, चना दाल, शक्कर और तेल का पैकेट देने का महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए हम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा-शिवसेना युति सरकार का अभिनंदन करते हैं। इस संवेदनशील निर्णय के कारण आम लोगों की दिवाली मीठी होगी। यह प्रतिक्रिया भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को दी।
बावनकुले ने कहा कि कोरोना के संकट से सभी के बाहर निकलने से समाज में नए उत्साह का निर्माण हुआ है। भाजपा-शिवसेना युति सरकार द्वारा प्रतिबंध हटा दिए जाने के कारण दही हांडी, गणेशोत्सव और नवरात्रि के त्योहार दो वर्षों पश्चात उत्साह से मनाए जा रहे हैं। अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्णय के कारण दिवाली भी उत्साह से मनाई जाएगी। यह सरकार आम लोगों को न्याय देने वाली सरकार है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Oct 04 , 2022, 07:38 AM