रांची, 07 सितंबर (वार्ता)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर (Rajesh Thakur) ने कहा कि 07 सितंबर 2022. एक ऐसा दिन जब देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा शुरू की है। श्री ठाकुर ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज का दिन एक शांत चिंतन और नए सिरे से संकल्प का दिन है। भारतीय राजनीति में यह एक टर्निंग पॉइंट है। एक नई शुरुआत का प्रतीक है। प्रधानमंत्री राजीव गांधी के विचार और सीख आज भी राहुल गांधी के लिए हौसले का काम करते हैं।भारत जोड़ो यात्रा इसी हौसले के साथ शुरू होने जा रही है। यात्रा के रुट के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा इन 20 प्रमुख स्थानों को स्पर्श करेगी। जो निम्न हैं, कन्याकुमारी, तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसूर, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव जमोद, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अंबाला, पठानकोट, जम्मू, श्रीनगर। उन्होंने कहा कि 7 सितम्बर यानी आज से कन्याकुमारी से कश्मीर (Kanyakumari to Kashmir), भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। यह यात्रा करीब 3,500 किलोमीटर लंबी यात्रा होगी। 12 राज्यों और 2 यूनियन टेरीटरी से गुजरेगी। भारत जोड़ो यात्रा के पीछे एक बड़ी सोच हमारे नेता राहुल गांधी की है। उनका मानना है कि जो आर्थिक विषमताएं हैं, महंगाई के कारण, बेरोजगारी के कारण, जीएसटी के कारण, हमारे देश के सामने जो आर्थिक चुनौतियाँ हैं, विषमताएं बढ़ती जा रही हैं, तो इनको मद्देनजर रखते हुए, क्योंकि ये एक तरीके से विभाजन हो रहा है समाज का, आर्थिक विषमताओं के कारण, तो इसलिए भारत को जोड़ना है।
कांग्रेस (Congress) के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज जो सामाजिक ध्रुवीकरण हो रहा है, जाति के नाम पर, कपड़े के नाम पर, खाने के नाम पर यह लोकतंत्र के लिए ख़तरनाक है । भयंकर तरीके से सामाजिक ध्रुवीकरण हो रहा है, भारत जोड़ने की जरुरत है।आर्थिक चुनौतियाँ, आर्थिक विषमताएं, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनैतिक तनाव है । जब आर्थिक समस्याएं हैं, सामाजिक चुनौतियाँ हैं, राजनीति में भी बड़ी गंभीर समस्याएं हैं, तो इस संदर्भ में, इस पृष्ठभूमि में हम सभी की उपस्थिति में भारत जोड़ो यात्रा पर विचार हुआ उदयपुर में और 7 तारीख को इसकी शुरुआत हो रही है ।
श्री ठाकुर ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के तीन मूल मकसद हैं-
पहला आर्थिक विषमताएं, जो आज हमारे देश में दिखाई दे रही है, महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी, हम दो- हमारे दो, इसकी वजह से जो आर्थिक विषमताएं बढ़ रही हैं, उसको दर्शाना, भारत जोड़ो यात्रा और जिससे भारत टूट रहा है। भारत जोड़ने की स्थिति में क्यों है आज, भारत को जोड़ना जरुरी है क्योंकि भारत टूट रहा है और पहला कारण टूटने का है, आर्थिक विषमताएं, बढ़ती हुई आर्थिक विषमताएं। श्री ठाकुर ने कहा कि दूसरा कारण भारत टूटने का ये है- सामाजिक ध्रुवीकरण, भयंकर सामाजिक ध्रुवीकरण। कल राहुल ने कहा, धर्म के नाम पर, जाति के नाम पर, भाषा के नाम पर, खाने के नाम पर, वस्त्र के नाम पर विभाजन किया जा रहा है, तो विभाजनकारी ताकत, विभाजनकारी संस्थाएं, विभाजनकारी विचारधाराएं, जो प्रोत्साहित हुई हैं, पिछले 8 सालों में वो मजबूत हो रही हैं, इसका नतीजा हम देख रहे हैं कि भारत टूट रहा है।
उन्होंने कहा कि तीसरा कारण, भारत क्यों टूट रहा है- राजनीतिक विकेन्द्रीकरण हो रहा है, भयंकर तरीके से। राज्यों के अधिकार छीने जा रहे हैं। संविधान में जो संस्थाएं हैं, उनको नजरअंदाज किया जा रहा है, उनका दुरुपयोग किया जा रहा है और सारे के सारे अधिकार, सारी की सारी नीतियाँ, सारे प्रोग्राम, जो हम सोचते हैं, करते हैं, सिर्फ प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय से शुरुआत होती है। तो ये राजनीतिक केन्द्रीयकरण, जो हो रहा है, जो हमारे संविधान में कल्पना नहीं की गई थी, इसकी वजह से भारत टूट रहा है। तो भारत को जोड़ने का अवसर आज है, क्योंकि आर्थिक विषमताओं के कारण भारत टूट रहा है। सामाजिक ध्रुवीकरण के कारण भारत टूट रहा है और राजनीतिक केन्द्रीयकरण के कारण भारत टूट रहा है। तो अब नहीं तो कब? अभी करना जरुरी है, चुनाव आएंगे, चुनाव जाएंगे, चुनाव आते रहेंगे, हमारे संगठन के चुनाव भी होंगे, पर हमारे संगठन के लिए आज, हर एक कार्यकर्ता, हर एक नेता, हर एक कांग्रेसमैन हो, सभी उत्साहित हैं और वो भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने में लगे हुए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये कांग्रेस पार्टी की यात्रा है, देशहित में औऱ उसमें हर वर्ग, हर सम्प्रदाय, हर व्यक्ति, चाहे राजनैतिक हो या अराजनैतिक हो, जो आज इस देश की बिगड़ी हुई अर्थव्यव्था, सामाजिक विद्वेशता, जो बढ़ रही है, जो भारतीय संविधान को खतरा है, उस सब से चिंतित होकर आज उसकी आवश्यकता महसूस करते हैं, इसलिए हम उसको कोई पार्टिज़न नहीं बनाना चाहते, नॉन पार्टिज़न हमारी कांग्रेस पार्टी की यात्रा है। मैं समझता हूँ कि देश में इतने बड़े पैमाने पर, इतने व्यापक स्तर पर न कोई पदयात्रा हुई है, न कोई जन संपर्क अभियान हुआ है, इसलिए हमें इस बात का गर्व है कि कांग्रेस पार्टी ने, जिसने कि जन आंदोलन से इस देश को आजाद कराया, उसी जन आंदोलन के माध्यम से इस देश के बिगड़ते हुए स्वरूप को, सामाजिक समरसता को वापस समाज में लाने के लिए और जनता की आवाज को और मुखर करने के लिए ये भारत जोड़ो यात्रा एक पब्लिक मूवमेंट के रुप में हम लाना चाहते हैं। 100 पदयात्री वो होंगे, जो शुरु से आखिर तक चलेंगे, 3,500 किलोमीटर की यात्रा में। दूसरे होंगे, अतिथि यात्री, जिन प्रदेशों से ये भारत जोड़ो यात्रा नहीं निकल रही है, वहाँ के सौ-सौ पदयात्री भी इसमें शामिल होंगे। तीसरे होंगे प्रदेश यात्री, जो कि जिस प्रदेश से ये यात्रा निकल रही है, वहां के भी सौ-सौ पदयात्री शामिल होंगे। तो हर समय 300 पदयात्री इसमें शामिल रहेंगे।
श्री ठाकुर ने कहा कि जिन राज्यों से होकर यह यात्रा नहीं गुजरेगी वहां उप यात्राओं के आयोजन के माध्यम से आमजन मानस से कांग्रेस पार्टी सीधा संवाद कायम करेगी। झारखंड से सेवादल के प्रतिनिधि के रूप में लक्ष्मण हांसदा, आनंद सिंकू, एवं दीनबन्धु बोइपोय मुख्य यात्रियों के जत्थे में शामिल हैं जो कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक की यात्रा राहुल गांधी के साथ करेंगे। इसके अतिरिक्त झारखंड के लोगों को नजदीक के प्रांत उडीसा, में इस यात्रा में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जब यह यात्रा उडीसा पहुंचने वाली होगी उसके एक सप्ताह पूर्व केन्द्रीय कंट्रोल रूम के द्वारा इस बात की सूचना झारखंड को मिल जाएगी। आज की प्रेसवार्ता के दौरान भारत जोड़ो यात्रा कार्य के शुभारंभ का सीधा प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से देखने की व्यवस्था की गई थी।
इस मौके पर पार्टी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, राकेश सिन्हा, डॉ एम तौसीफ, डॉ राकेश किरण महतो, कार्यालय प्रभारी अमुल्य नीरज खलखो, सोशल मीडिया के स्टेट को-ऑर्डिनेटर गजेन्द्र सिंह, रांची ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश बैठा उपस्थित थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Sep 07 , 2022, 05:51 AM