भोपाल, 2 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इन दिनों नगर निकाय चुनाव (municipal elections) को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। प्रचार प्रसार के साथ ही आरोप प्रत्यारोप का दौर भी चल रहा है। भोपाल में भाजपा की महापौर प्रत्याशी मालती राय के एक बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘अगर वह महापौर बनती हैं तो नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म कर देंगी।’’ पर तंज कसा है।
कांग्रेस नेता अविनाश बुंदेला ने भाजपा महापौर प्रत्याशी (BJP Mayor Candidate) के बयान पर निशाना साधते हुए कहा है कि इसका मतलब मालती राय इस स्वयं बात की पुष्टि कर रही हैं कि पूर्व में भाजपा के जो महापौर रहे हैं, उनके कार्यकाल में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है, शायद वह उसी भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात कर रही हैं? बुंदेला ने कहा कि भाजपा की अधिकृत महापौर उम्मीदवार मालती राय बिल्कुल ठीक कह रही है, भाजपा शासनकाल में नगर निगम भ्रष्टाचार का एक बहुत बड़ा अड्डा रहा है, न आज तक नया मास्टर प्लान बन पाया है और कोई स्मार्ट सिटी। भाजपा के समय में ही अवैध कालोनियां सबसे ज्यादा बनी हैं, यह भी एक भ्रष्टाचार ही है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि एशिया का सबसे बड़ा स्लम एरिया झुग्गी झोपड़ी एरिया अगर कहीं है तो वह भोपाल में ही है। झुग्गियों को हटाने की कवायत सिर्फ कागजों पर चली है, यदि कहीं झुग्गियां हटा भी दी जाती हैं, उनकी जगह नयीं झुग्गियां बन जाती हैं, इससे साफ तौर पर यह साबित होता है कि इसमें भी नगर निगम के माध्यम से भ्रष्टाचार (Corruption) होता है। उन्होंने कहा कि भोपाल वासियों को आज भी पीने का पानी पूरी तरह से नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में जलभराव एक बहुत बड़ी समस्या है, बरसात में भोपाल का सीवेज और नाली का निकास सिस्टम आज भी ठीक नहीं है। वहीं राजधानी भोपाल की सडक़ों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। कॉलोनियों का हस्तांतरण ना होना एवं नगर निगम की कॉलोनी शाखा में व्याप्त भ्रष्टाचार जग ज़ाहिर है। एक हजार स्क्वायर फीट के मकान की अगर आप भवन अनुज्ञा लेने जाते हैं तो लगभग एक आदमी को डेढ़ से दो लाख रू. तक खर्च करने पड़ते हैं।
बुंदेला ने कहा कि भोपाल नगर निगम (Bhopal City Corporation) की यह स्थिति है तो मालती राय बिल्कुल ठीक कह रही हैं कि नगर निगम भोपाल भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबा हुआ है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Jul 02 , 2022, 12:00 PM