एकनाथ शिंदे गुट से कोई प्रस्ताव नहीं मिला: मुनगंटीवार
कोर कमेटी की बैठक में सरकार बनाने पर कोई चर्चा नहीं
मुंबई। राज्य (State) में जारी सियासी उथल-पुथल के बीच सोमवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस (Opposition Devendra Fadnavis) के सरकारी आवास सागर पर महाराष्ट्र भाजपा (Maharashtra BJP) की कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर चिंतन किया गया। राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर भाजपा अभी भी वेट एंड वाच (wait and watch) की भूमिका में है। शिवसेना के बागी शिंदे गुट की तरफ से भाजपा को अभी तक सरकार बनाने को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।
कोर कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि आज की बैठक में सरकार बनाने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। अभी तक एकनाथ शिंदे गुट की तरफ से भाजपा को कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। सोमवार को हुई कोर कमेटी की बैठक में आज की राजनीतिक परिस्थिति और सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर मंथन किया गया। भाजपा अभी भी वेट एंड वाच की भूमिका में है। आने वाले दिनों में जो प्रस्ताव आएंगे, उसके बाद भाजपा अपनी कोर कमेटी की बैठक में उचित निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शिवसेना में पड़ी फूट और रोज होने वाली घटनाओं पर पैनी नजर रख रही है।
वे बागी नहीं, 24 कैरेट खरे शिवसेना विधायक
मुनगंटीवार ने शिवसेना से अलग हुए गुट को बागी मानने से इंकार कर दिया। वे खुद को 24 कैरेट खरे शिवसेना के विधायक मानते हैं और मूल पार्टी के नेता हैं। उनके पास दो-तिहाई बहुमत है, ऐसे में वे बागी कैसे हुए? वे शिवसेना के मूल विचार हिंदुत्व के साथ है और उन्होंने अपने हाथ में भगवा थाम रखा है, ऐसे में उन्हें बागी कहना उचित नहीं होगा। पूर्व मंत्री ने कहा कि वे शिवसेना सांसद संजय राऊत की टिप्पणी को गंभीरता से नहीं लेते। भाजपा विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में रहने को कहा गया है। किसी को भी राज्य या देश से बाहर नहीं जाने को कहा गया है। मुनगंटीवार ने कहा कि राज्य की स्थिति अस्थिर है, इसलिए इस तरह की सूचना दी गई है।
शिवसेना में बगावत पार्टी का अंदरुनी मामला: पाटिल
इसके पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि हैदराबाद में अगले महीने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी, इसके लिए राज्य कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई। शिवसेना में हुए विद्रोह पर टिप्पणी करते हुए परहेज करते हुए पाटिल ने कहा कि यह उनका आंतरिक मामला है, इसलिए वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि बागियों को जो कुछ करना है वे खुद करेंगे। हम इसमें कोई मध्यस्थता नहीं करेंगे। भाजपा पर लगे आरोपों पर उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से इंकार दिया।
कुछ भी कह सकते हैं राऊत
यह पूछने पर कि देवेंद्र फडणवीस खामोश बने हुए हैं? इस पर पाटिल ने कहा कि मौन रहने का सवाल ही नहीं है। कुछ बोलने जैसा नहीं है, इसलिए वे बोल नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे की तरफ से अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सुरक्षा प्रदान करने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। जब राज्य की सुरक्षा कम पड़ जाती है तो स्वाभाविक है कि हम केंद्र से मांग करते हैं। पाटिल ने कहा कि एकनाथ शिंदे ने किस राष्ट्रीय पार्टी का उल्लेख किया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। ईडी के नोटिस के बाद संजय राउत द्वारा दिए गए बयान पर बोलते हुए पाटिल ने कहा कि ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग स्वायत्त निकाय हैं। इसके बारे में किसी को बात करने की जरूरत नहीं है। संजय राऊत कुछ भी कह सकते हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jun 27 , 2022, 08:15 AM