भोपाल, 20 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश विधानसभा (Madhya Pradesh Legislative Assembly) का मानसून सत्र 25 जुलाई से प्रारंभ होने की संभावना है। राज्य सरकार (State government) ने विधानसभा सचिवालय को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा है। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद एक-दो दिन में सत्र संबंधी अधिसूचना जारी हो सकती है। दरअसल, मध्य प्रदेश में अभी त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव (civic elections) की प्रक्रिया चल रही है। यह चुनाव प्रक्रिया 18 जुलाई तक पूरी हो जाएगी और इसके बाद ही विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होगा। जल्द ही इसकी अधिसूचना जारी हो सकती है, ताकि विधायकों को प्रश्न, ध्यानाकर्षण, याचिका और शून्यकाल की सूचना देने के लिए पर्याप्त समय मिल जाए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मप्र विधानसभा का मानसून सत्र इस बार पांच का चलेगा, जिसमें राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2022-23 का प्रथम अनुपूरक अनुमान (बजट) प्रस्तुत करेगी। इसके पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक रहने की संभावना है। इसके साथ ही मप्र नगर पालिक विधि संशोधन और भू-राजस्व संहिता संशोधन विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। हाल ही में डॉ. गोविंद सिंह को नेता प्रतिपक्ष पद की जिम्मेदारी मिली है और उनके नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद यह पहला सत्र है। इसे लेकर उन्होंने तैयारी शुरू की है। विधायकों से जिलेवार सरकार के काम-काज, घोटाला और सरकारी धन के दुरुपयोग की जानकारी मांगी है। पूछा गया है कि सरकारी घोषणाओं और योजनाओं की जमीनी हकीकत क्या है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jun 20 , 2022, 01:00 AM