कोलकाता, 23 मई (हि.स.)। बैरकपुर से सांसद अर्जुन सिंह (MP Arjun Singh) का भारतीय जनता पार्टी से नाता तोड़कर तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) में वापसी कर लेने के बाद प्रदेश भाजपा ने बैरकपुर में पार्टी संगठन की कमान शुभेंदु अधिकारी को सौंपने का फैसला किया है। आगामी 25 मई को यहां संगठन की बैठक होनी है जिसका नेतृत्व शुभेंदु करेंगे। दरअसल कहा जा रहा है कि अर्जुन सिंह की तृणमूल में वापसी के बाद भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) उत्तर 24 परगना और खासकर बैरकपुर संसदीय क्षेत्र में लगभग शून्य हो गई है। दो सालों बाद लोकसभा का चुनाव होना है और आशंका है कि भाजपा के पाले की यह सीट अब तृणमूल की झोली में खिसक सकती है। सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, बंगाल भाजपा के प्रभारी अमित मालवीय, सांगठनिक महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती और दिलीप घोष की मौजूदगी में अहम सांगठनिक बैठक हुई है। इसमें बैरकपुर सांगठनिक जिले का प्रभार शुभेंदु अधिकारी को सौंप दिया गया है। हालांकि इसे लेकर भी प्रदेश भाजपा में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव और उसके बाद आसनसोल लोकसभा चुनाव में भी कई क्षेत्रों की जिम्मेवारी शुभेंदु अधिकारी को दी गई थी लेकिन हर जगह भाजपा को विफलता मिली है। अब अर्जुन के जाने के बाद बैरकपुर का दायित्व शुभेंदु को दिए जाने को लेकर भी एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, May 23 , 2022, 05:35 AM