तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची (Minister, Seyyed Abbas Araghchi) ने शनिवार को कहा कि अमेरिका-इजरायल युद्ध (Israel War )के बीच ईरान के रुख को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और ईरान ने वार्ता के लिए इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "ईरान की स्थिति को अमेरिकी मीडिया गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहा है। हम पाकिस्तान के प्रयासों के प्रति आभारी हैं और इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया। हमारा ध्यान इस अवैध युद्ध के स्थायी और निर्णायक अंत की शर्तों पर है।"
ईरानी विदेश मंत्री ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें ईरानी नागरिक पाकिस्तान के झंडे लहराते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश का समापन "पाकिस्तान जिंदाबाद" लिखकर किया। यह बयान उस रिपोर्ट के एक दिन बाद आया है, जिसमें द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मध्यस्थों के हवाले से कहा था कि पाकिस्तान की अगुवाई में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्षविराम कराने के प्रयास फिलहाल ठहराव की स्थिति में पहुंच गए हैं।
पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने इस स्पष्टीकरण का स्वागत करते हुए कहा, "आपके स्पष्टीकरण की सराहना करता हूं।" विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंदराबी ने इसे "समय पर दिया गया स्मरण" बताते हुए कहा कि अटकलों से किसी का लाभ नहीं होता और आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में यह खबरें आई थीं कि तेहरान ने वार्ता प्रस्तावों पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, हालांकि बैक-चैनल स्तर पर बातचीत जारी है।
पाकिस्तान ने अमेरिका, ईरान और चीन के साथ अपने संबंधों का उपयोग करते हुए खुद को शांति प्रक्रिया में एक मध्यस्थ के रूप में स्थापित किया है। हाल ही में पाकिस्तान ने संभावित वार्ता की मेजबानी की पेशकश की थी और चार देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक भी आयोजित की थी। पाकिस्तान और चीन ने 31 मार्च को पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के लिए पांच सूत्रीय पहल भी जारी की, जिसमें तत्काल संघर्ष विराम की मांग की गयी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Apr 04 , 2026, 06:43 PM